#sagar #NewBusService #MPGovt #cM
अगर सबकुछ मुख्यमंत्री की सोच के मुताबिक हुआ तो जल्द ही एक बार फिर सागर शहर के ग्रामीण क्षेत्रों के रास्तों पर भी सवारी बसे दौड़तीं नजर आने लगेंगीं । साथ ही बस अड्डे से आवाजें गूंजने लगेंगीं "आ जाओ -टड़ा-केसली-गौरझामर और जैसीनगर -भापेल की बस लग गयी है बैठो-बैठो । ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कम पैसे में शहर आने -जाने का भरोसेमंद साधन उपलब्ध हो जायेगा। इसके चलते शुरू होने जा रहे नई बस सेवा ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक गतिविधियों में इजाफा करेगी और लोगों की जिन्दगी में शुकून और समृद्धि कीं संभावनाएं भी बनेंगीं ।
Sagar Watch News/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में नवीन यात्री बस सेवा के संचालन में यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की जरूरत और छोटे-बड़े शहरों को जोड़ने वाले रास्तों के महत्व को ध्यान में रखते हुए बसों का संचालन किया जाए। टिकट बुकिंग, बस निगरानी जैसे टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के समस्त लाभ यात्रियों को सरलता से प्राप्त हों, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए समयसीमा निर्धारित करें तथा जल्द से जल्द प्रदेश में नवीन यात्री बस सेवा का संचालन आरंभ करना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जो बस ऑपरेटर परमिट में उल्लेखित नियम शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में नवीन यात्री बस सेवा आरंभ करने और इसकी संगठनात्मक संरचना, दायित्व तथा संचालन के संबंध में समत्व भवन में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। बैठक में अन्य राज्यों में संचालित व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours