#IndianNewspapers #sagar #education #journalism

Sagar Watch News

Sagar Watch News/
डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के संचार एवं पत्रकारिता विभाग में भारतीय समाचार पत्र दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। अध्यक्ष प्रो. कालीनाथ झा ने भारतीय पत्रकारिता के संघर्षपूर्ण इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने निडरता, निष्पक्षता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को पत्रकारिता के आधार स्तंभ बताया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि अखबारों की बढ़ती संख्या सुखद है, लेकिन उनमें विचारों और स्वतंत्र अभिव्यक्ति की कमी चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि देश में साक्षरता बढ़ी है, लेकिन अखबारों के माध्यम से लोचनात्मक साक्षरता  (Critical Literacy) का अपेक्षित विकास नहीं हुआ, जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

डॉ. विवेक जायसवाल ने भारत में पत्रकारिता के उद्भव और विकास पर प्रकाश डालते हुए बंगाल गजट से प्रिंटिंग प्रेस तक की यात्रा और प्रेस विरोधी नीतियों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्राचीन समय में जनसंचार के सीमित माध्यम थे और स्वतंत्रता आंदोलन में भाषाई पत्रकारिता की अहम भूमिका रही।

मुख्य वक्ता डॉ. अलीम अहमद खान ने भारतीय पत्रकारिता के इतिहास को गहराई से समझाते हुए बुंदेलखंड की हिंदी पत्रकारिता की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता हर दौर में प्रासंगिक रही है, चाहे वह ईस्ट इंडिया कंपनी के भ्रष्टाचार और दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना हो या स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देना। 

बदलती तकनीक के साथ पत्रकारिता के विविध स्वरूप सामने आए हैं, जिससे रोजगार की अपार संभावनाएं बनी हैं। संचार और पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रसार भारती, आकाशवाणी, दूरदर्शन, डिजिटल और सोशल मीडिया में पेशेवरों की भारी मांग है, जिसके लिए कौशल उन्नयन ( Skill Upgrade) करना आवश्यक है।

शोधार्थी दीपक ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत हर नागरिक और पत्रकार को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मिली है। शोधार्थी दिलीप चौरसिया ने कहा कि सामग्री और विश्वसनीयता ( Content and Credibility) हर दौर में महत्वपूर्ण रही हैं और आज भी पत्रकारिता के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। भाग के स्नातकोत्तर छात्र राजेंद्र विश्वकर्मा ने कविता के माध्यम से पत्रकारिता के उद्धव और उसके विकास की गाथा सुनायी।  

इस मौके पर विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।  कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी अनुष्का तिवारी ने किया।  आभार ज्ञापन शोधार्थी सलोनी शर्मा ने किया। 

Share To:

Quiz Wizz

Post A Comment:

0 comments so far,add yours